एक नया सफर - लिव-इन रिलेशनशिप के बाद

राधा एक मध्यमवर्गीय परिवार की सुलझे विचारों वाली मगर आधुनिकता की पक्षधर लड़की थी और उसके पिता एक सफल व्यवसायी थे, जिससे उसका जीवन आर्थिक रूप से संपन्न था। सफल व्यवसायी होने के कारण परिवार को देने के लिए उसके पिता के पास समय का आभाव होता था। इसलिए बच्चों के परवरिश की जिम्मेदारी पिता से ज्यादा माँ के ऊपर ही था। फिर भी बच्चों के ऊपर पिता के अनुशासन का दबाब अवश्य ही रहता था। अतः उसका बचपन एक अनुशासित और पारंपरिक माहौल में बीता था, जहाँ रिश्तों की एक मर्यादा और विवाह की पवित्रता पर विशेष ध्यान दिया जाता था। राधा की सोच समय के साथ-साथ और भी आधुनिक हो गई थी। वह पढ़ाई और अपने करियर को प्राथमिकता देती थी और इसलिए उसने अपने सपनों को पूरा करने के लिए बड़े शहर का रुख किया। 

                      


शहर में आकर राधा ने एक प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय में दाखिला लिया। पढ़ाई के दौरान ही उसकी मुलाक़ात अर्जुन से हुई। वह एक मध्यम वर्गीय परिवार से स्वतंत्र विचार का युवक था, जो अपने आत्मविश्वास और स्पष्ट विचारों के लिए जाना जाता था और अपनी मेहनत के दम पर आगे बढ़ना चाहता था। उसकी बातों में एक अलग तरह की मिठास और गहराई थी, जो राधा को बहुत आकर्षित करती थी।

धीरे-धीरे उनकी मुलाक़ातें बढ़ने लगीं। कॉलेज की लाइब्रेरी हो, कैफेटेरिया हो या शहर की गलियां – हर जगह दोनों एक साथ देखे जाने लगे। उनकी दोस्ती गहरी होती गई और समय के साथ यह दोस्ती प्रेम में बदल गई। राधा और अर्जुन का प्रेम परवान चढ़ चुका था इसलिए दोनों ने अब एक साथ रहने का निर्णय लिया। दोनों ही करियर के प्रति गंभीर थे और शादी के बंधनों में बंधने से पहले एक-दूसरे को और अच्छे से समझना चाहते थे।

भारत जैसे पारंपरिक समाज में लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर कई तरह की धारणाएँ प्रचलित थीं। यह अवधारणा पश्चिमी संस्कृति से प्रेरित थी और भारतीय समाज में इसे बहुत अधिक स्वीकृति नहीं मिली थी। लेकिन बड़े शहरों में यह चलन धीरे-धीरे बढ़ रहा था, खासकर युवाओं के बीच, जो विवाह से पहले अपने साथी को समझना और उसके साथ जीवन के प्रति एक दूसरे की सोंच को परखना चाहते थे।

राधा और अर्जुन ने मिलकर एक छोटे से अपार्टमेंट को किराए पर लिया और वहाँ रहने लगे। यह उनके लिए एक नई यात्रा की शुरुआत थी – जहाँ वे एक-दूसरे के साथ हर सुख-दुख बाँट सकते थे, एक-दूसरे की आदतों को समझ सकते थे और भविष्य के लिए निर्णय ले सकते थे।

हालाँकि यह निर्णय उनके लिए सहज था, लेकिन समाज इसे इतनी आसानी से स्वीकार नहीं कर सकता था। राधा के माता-पिता को जब इस बात का पता चला तो वे बहुत नाराज़ हुए। उनके लिए यह पूरी तरह से अस्वीकार्य था कि उनकी बेटी बिना विवाह किए किसी के साथ रहे। अर्जुन के परिवार ने भी इस रिश्ते पर संदेह जताया, क्योंकि भारतीय समाज में शादी को पवित्र बंधन माना जाता है।

सामाजिक दबाव के बावजूद, राधा और अर्जुन ने अपने रिश्ते को बनाए रखा। वे जानते थे कि उन्हें अपने फैसले पर टिके रहना होगा और समाज की मानसिकता को बदलने के लिए समय की जरूरत होगी।

राधा और अर्जुन जैसे कई जोड़े अब लिव-इन रिलेशनशिप को अपनाने लगे हैं। आधुनिक समाज में व्यक्तिगत स्वतंत्रता और आत्मनिर्भरता को अधिक महत्व दिया जा रहा है। युवा वर्ग यह मानने लगा है कि विवाह से पहले एक-दूसरे को समझना जरूरी है, जिससे रिश्ते में स्थिरता बनी रहे।

लेकिन इसके साथ ही कई चुनौतियाँ भी जुड़ी हुई हैं – कानूनी अधिकार, सामाजिक स्वीकृति, आर्थिक स्वतंत्रता, और परिवार का समर्थन।

                


राधा और अर्जुन का रिश्ता एक खूबसूरत सपने की तरह शुरू हुआ था। प्यार की गहराइयों में डूबी राधा को अर्जुन में अपना जीवनसाथी नजर आता था। वह अर्जुन के ऊपर इतना भरोसा करने लगी थी कि अपनी पूरी दुनिया उसी के इर्द-गिर्द बसा ली थी। वह उसके हर शब्द पर विश्वास करती थी, उसकी हर बात को अपना सच मानती थी।

समय बीतने के साथ-साथ दोनों के बीच की नजदीकियां और बढ़ने लगीं। अर्जुन के मीठे शब्द, उसकी प्यार भरी बातें और मधुर वादे राधा के दिल में घर कर चुके थे। वह पूरी तरह से अर्जुन के प्रेम में डूब चुकी थी।

एक रात अर्जुन ने राधा से अपने प्रेम को नए आयाम पर ले जाने की बात की। उसने उसे भरोसा दिलाया कि वे हमेशा साथ रहेंगे, शादी करेंगे, और एक खूबसूरत जीवन बिताएंगे। प्रेम में अंधी हो चुकी राधा ने अर्जुन के इन शब्दों पर बिना किसी संदेह के विश्वास कर लिया। इसी अंधेपन के कारण उसने अपना सब कुछ अर्जुन को सौंप दिया, यह सोचकर कि उनका रिश्ता अब और मजबूत हो जाएगा।

राधा को लगा कि अब उनके बीच कोई दूरी नहीं बची, अब वे पूरी तरह एक-दूसरे के हो चुके हैं। लेकिन उसे यह नहीं पता था कि कभी-कभी जिसे हम प्यार समझते हैं, वह केवल एक छलावा ही होता है। कुछ दिनों तक सब कुछ पहले जैसा ही सामान्य चलता रहा। अर्जुन हमेशा की तरह प्यार जताता, उसकी देखभाल करता और साथ में समय बिताता। 

फिर धीरे-धीरे अर्जुन के व्यवहार में बदलाव आने लगा। वह अब पहले जितना प्रेम नहीं दिखाता था। उसके स्पर्श में अब वह गर्माहट नहीं थी, जो पहले हुआ करती थी। राधा ने शुरुआत में इसे केवल अर्जुन की व्यस्तता समझा। 

लेकिन जब भी वह उससे शादी की बात करती, वह  कोई न कोई बहाना बना देता। कभी कहता कि अभी करियर बनाना जरूरी है, कभी कहता कि शादी के लिए सही समय नहीं है। कुछ दिनों तक तो सबकुछ वैसे ही चल रहा था मगर धीरे-धीरे राधा को यह बातें खटकने लगीं वह अपने प्यार को इतना मजबूत मानती थी कि किसी भी प्रकार के शक को अपने पास तक फटकने भी नहीं देती थी।

एक दिन जब राधा घर लौटी, तो उसने देखा कि अर्जुन उसे बिना बताए ही अपना सामान लेकर जा चुका था। कमरा पूरी तरह खाली था – जैसे वह कभी यहाँ रहा ही नहीं। उसने एक भी निशानी नहीं छोड़ा था। न कोई खत, न कोई संदेश।

राधा को यकीन ही नहीं हुआ कि यह सब सच है। उसे लगा कि शायद अर्जुन किसी काम से बाहर गया होगा और जल्दी लौट आएगा। लेकिन जब घंटों इंतजार करने के बाद भी अर्जुन की कोई खबर नहीं मिली, तब उसे एहसास हुआ कि उसे धोखा दिया गया है।

उसका दिल टूट गया। जिसे उसने अपना सब कुछ मान लिया था, वही उसे यूँ अकेला छोड़कर चला गया था। आँखों से आँसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। हर तरफ उसे बस अर्जुन की यादें दिख रही थीं। वह सोचने लगी कि आखिर उसने ऐसा क्या किया जो अर्जुन ने उसके साथ यह किया?

राधा अब पूरी तरह अकेली थी। वह अर्जुन की यादों के बीच खुद को टटोल रही थी। उसे एहसास हुआ कि उसने अर्जुन पर बहुत जल्दी विश्वास कर लिया था। उसने यह मान लिया था कि जो इंसान मीठी बातें करता है, वह सच में भी उतना ही अच्छा होगा।

अकेलापन उसे अंदर से खाए जा रहा था। वह समझ नहीं पा रही थी कि आगे कैसे बढ़े? क्या अपने सपनों की ओर लौटे या अर्जुन के धोखे में ही उलझी रहे?


धीरे-धीरे समय ने उसके जख्मों को भरना शुरू किया। उसने यह महसूस किया कि अकेलापन हमेशा बुरा नहीं होता। यह हमें खुद को समझने का अवसर देता है। उसने खुद को मजबूत बनाया, अपने करियर पर ध्यान दिया और नए सिरे से जीवन को जीने का फैसला किया।

अर्जुन के अचानक चले जाने के बाद राधा खुद को संभालने की कोशिश कर रही थी। वह अकेली थी, टूटी हुई थी, लेकिन फिर भी उसने अपने दर्द को अपने करियर और भविष्य की योजनाओं में उलझाने की कोशिश की। परंतु, कुछ हफ्तों बाद उसकी जिंदगी में एक और भूचाल आ गया।

राधा को एहसास हुआ कि उसके शरीर में कुछ हलचल सा हो रहा है, एक नया जीवन पल रहा है। वह गर्भवती थी। यह खबर उसके लिए किसी वज्रपात से कम नहीं थी। वह इस सच को स्वीकारने को तैयार नहीं थी, लेकिन बार-बार किए गए मेडिकल टेस्ट ने इस सच्चाई को और मजबूत कर दिया।

उसने कभी नहीं सोचा था कि अर्जुन उसे इस हाल में छोड़कर चला जाएगा। उसे अब तक यह आशा थी कि शायद अर्जुन वापस आएगा, शायद सब कुछ ठीक हो जाएगा, लेकिन यह नया सच उसकी हर उम्मीद को तोड़ने के लिए काफी था।

शहर की चमकती गलियों में रहने वाली राधा ने कभी नहीं सोचा था कि उसकी ज़िंदगी ऐसे मोड़ पर आ जाएगी जहाँ से वापस लौटना लगभग असंभव होगा। उसने हिम्मत दिखाई और बच्चे को जन्म देने का निर्णय किया। लेकिन जैसे-जैसे समय बीतता गया, वह समाज की सच्चाई से वाकिफ़ होती गई। बिन ब्याही माँ बनने की स्थिति ने उसे हर तरफ से घेर लिया था। 

राधा अंदर से बिखर गई थी। उसे समझ नहीं आ रहा था कि समाज की ये दकियानूसी सोच आखिर कब बदलेगी? क्या केवल स्त्री ही हर बार जिम्मेदार होती है? अर्जुन तो चला गया, लेकिन उसकी गलतियों का भार सिर्फ उसे क्यों उठाना पड़ रहा था?

समाज के तानों, अपमान और अकेलेपन ने उसे पूरी तरह से तोड़ दिया था। उसने खुद को मजबूत करने की कोशिश की, लेकिन जब बच्चा पैदा हुआ, तो वह अपने ही निर्णय पर संदेह करने लगी। उसका बच्चा मासूम था, न किसी दोष का भागी, न ही किसी गलती का कारण। लेकिन उसके पालन-पोषण की जिम्मेदारी उठाने की हिम्मत उसमें नहीं थी। कई रातें उसने जागकर बिताईं। वह सो नहीं पाती थी, क्योंकि जब भी उसकी आँखें बंद होतीं, उसे भविष्य का डर सताने लगता, वह सोंचने लगती कि —

"क्या मैं अपने बच्चे को एक अच्छा जीवन दे पाऊँगी?"
"क्या मैं उसकी परवरिश अकेले कर पाऊँगी?"
"अगर मैं इसे अपने साथ रखूँगी, तो क्या समाज इसे कभी स्वीकारेगा?"

वह मानसिक और भावनात्मक रूप से पूरी तरह से टूट चुकी थी। आखिरकार, उसने एक कठोर निर्णय ले लिया—अपने बच्चे को त्याग देने का।

एक ठंडी रात, राधा अपने नवजात बच्चे को लेकर शहर के बाहर एक सुनसान इलाके में किसी सड़क के किनारे चली गई। चारों तरफ अंधेरा था, ठंडी हवा चल रही थी, और दूर कहीं गाड़ियों की हल्की-हल्की आवाज़ आ रही थी।वह एक घनी झाड़ियों के पास रुकी, काँपते हाथों से अपने मासूम बच्चे को नीचे रखा और पीछे हट गई। उसकी आँखों से आँसू बह रहे थे, लेकिन उसने खुद को समझाया—

"शायद कोई आकर इसे उठा लेगा, शायद इसे कोई प्यार देने वाला मिल जाएगा, जो मैं नहीं दे सकती।"

वह एक पेड़ के पीछे छुपकर देखने लगी। बच्चा रोने लगा, उसकी मासूम आवाज़ सुनसान रात में गूँज रही थी।

सुबह से शाम हो गई, पर कोई नहीं आया। बच्चा लगातार रोए जा रहा था। उसकी चीखें राधा के हृदय को चीर रही थीं। अंधेरा बढ़ने लगा, ठंडी हवाएँ तेज़ हो गईं। बच्चा अभी भी वहीं पड़ा रो रहा था, भूखा-प्यासा। राधा के पैर कांप रहे थे, उसकी आँखें भर आई थीं। फिर अचानक, उसके अंदर उसका मातृत्व जाग उठा। वह सोंचने लगी कि 

"मैं कैसे अपनी ही संतान को ऐसे छोड़ सकती हूँ?"

            


वह दौड़कर झाड़ियों की ओर गई, काँपते हाथों से अपने बच्चे को उठाया और उसे अपने सीने से चिपका लिया।उसने महसूस किया कि यह सिर्फ एक बच्चा नहीं था—यह उसका हिस्सा था, उसकी आत्मा का टुकड़ा। यह कोई बोझ नहीं था, बल्कि उसकी सबसे बड़ी ताकत थी।

राधा ने पल में फैसला कर लिया—अब चाहे कुछ भी हो जाए, वह अपने बच्चे को नहीं छोड़ेगी। समाज क्या कहेगा, लोग क्या सोचेंगे, इसकी चिंता नहीं करेगी। उसने अपनी आंसू भरी आँखों से अपने मासूम बच्चे को देखा, और खुद से वादा किया—

"अब मैं न कभी असहाय महसूस करूँगी, न ही किसी की बातों में आऊँगी।"

उस रात राधा केवल एक महिला नहीं रही, वह एक माँ बन चुकी थी—एक ऐसी माँ, जिसने अपने जीवन के सबसे कठिन निर्णय को बदल दिया और अपनी संतान को अपनाने की हिम्मत दिखाई। अब वह अपने बच्चे के साथ एक नए सफर की ओर बढ़ रही थी—एक सफर, जहाँ कोई अर्जुन नहीं था, कोई समाज नहीं था, केवल वह थी और उसकी ममता।

राधा के लिए जीवन पहले ही कठिन था, लेकिन अब एक माँ होने के नाते उसकी जिम्मेदारियाँ और भी बढ़ गई थीं। वह जानती थी कि समाज उसके फैसलों को नहीं समझेगा, लेकिन उसे अब किसी की परवाह नहीं थी। वह केवल अपने बच्चे के भविष्य के बारे में सोच रही थी।

अपने बच्चे को पालने के लिए राधा को किसी भरोसेमंद व्यक्ति की जरूरत थी, क्योंकि वह खुद अभी भी आर्थिक रूप से स्वतंत्र नहीं थी। बहुत सोचने के बाद उसे अपनी एक पुरानी पहचान वाली बुजुर्ग महिला, अम्मा, का ख्याल आया। अम्मा एक दयालु लेकिन सख्त स्वभाव की महिला थीं, जो अपने गाँव से शहर आई थीं और यहाँ अकेले रहती थीं। राधा अम्मा के पास पहुँची, अपने बच्चे को सीने से लगाए हुए। उसने हाथ जोड़कर उनसे विनती की—

"अम्मा, मैं इस बच्चे को अच्छे से पालना चाहती हूँ, लेकिन अभी मेरे पास कोई साधन नहीं है। मैं आपके पास इसे छोड़ रही हूँ, जब तक मैं इसे अपने पैरों पर खड़ी होकर एक अच्छा जीवन देने लायक न बन जाऊँ।"

अम्मा ने पहले मना कर दिया। वे जानती थीं कि एक बच्चे की परवरिश करना आसान नहीं होता, और वे खुद भी एक साधारण जीवन जी रही थीं। लेकिन जब राधा ने उनसे बहुत प्रार्थना की और यह वादा किया कि वह कुछ आर्थिक सहायता देती रहेगी, तो आखिरकार अम्मा मान गईं।

अब राधा के जीवन का सबसे कठिन दौर शुरू हुआ। उसे अपने बच्चे को पालने के लिए हर संभव मेहनत करनी थी। उसके माता-पिता उसकी पढ़ाई के लिए जो कुछ पैसे भेजते थे। उसने उन पैसों का कुछ हिस्सा बचाकर अम्मा को भेजना शुरू कर दिया ताकि उनका और बच्चे का गुजारा हो सके।

इसके अलावा, उसने छोटे-मोटे काम करने शुरू कर दिए—

  • ट्यूशन पढ़ाना: वह शाम को बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने लगी, जिससे उसे थोड़ी आमदनी होने लगी।
  • हॉस्टल में पार्ट-टाइम काम: वह हॉस्टल की लाइब्रेरी में किताबें व्यवस्थित करने का काम करने लगी।
  • हस्तकला और सिलाई: उसने सिलाई का काम सीख लिया और छोटे-मोटे कपड़े सिलने लगी, जिससे कुछ पैसे मिल जाते।

राधा के लिए यह सब आसान नहीं था। उसे दिनभर काम करना पड़ता और फिर रात को पढ़ाई करनी पड़ती। लेकिन जब भी वह थकती, उसे अपने बच्चे का मासूम चेहरा याद आता, और उसकी थकान गायब हो जाती।

राधा अपने बच्चे को हर हफ्ते देखने के लिए अम्मा के घर जाती थी। जब भी वह वहाँ पहुँचती, उसका बेटा उसे देखकर खुश हो जाता, लेकिन फिर जब उसे छोड़कर जाना पड़ता, तो दोनों की आँखों में आँसू भर आते। कई बार राधा की इच्छा होती कि वह सब कुछ छोड़कर अपने बेटे के साथ रहे, लेकिन वह जानती थी कि यह संभव नहीं है। वह केवल अपने बच्चे के लिए एक बेहतर भविष्य चाहती थी। रातों को जब वह अकेली होती, तो उसके मन में कई सवाल उठते—

"क्या मेरा बेटा मुझे समझ पाएगा?"
"क्या वह मुझसे दूर रहकर बड़ा हो सकेगा?"
"क्या मैं कभी उसे एक अच्छा जीवन दे पाऊँगी?"

लेकिन फिर वह खुद को संभालती और अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ती।

राधा का संघर्ष केवल आर्थिक ही नहीं था, बल्कि समाज की मानसिकता से भी उसे लड़ना पड़ता था।

  • जब वह लोगों को बताती कि वह अकेले बच्चे की परवरिश कर रही है, तो वे ताने मारते।
  • जब वह काम माँगती, तो कई लोग उसकी स्थिति का गलत फायदा उठाने की कोशिश करते।
  • कई बार उसे अपमानजनक टिप्पणियाँ सहनी पड़तीं, लेकिन उसने हार नहीं मानी।

उसका एक ही जवाब था— "अगर कोई गलती हुई थी, तो अब मैं उसे सुधार रही हूँ। मेरा बेटा मेरी जिम्मेदारी है, और मैं उसे एक बेहतर भविष्य देने के लिए कुछ भी करूँगी!"

समय बीतता गया, और राधा की मेहनत रंग लाने लगी। उसने अपनी पढ़ाई पूरी की और एक अच्छी नौकरी पाने में सफल रही। अब वह अपने बेटे को खुद के पास रखने में सक्षम थी। मगर वह ऐसा नहीं कर सकती थी अपने बेटे को वह दुनिया की नजरों से तबतक बचाकर रखना चाहती थी जबतक कि अपने पैरों पर खड़ा होने में समर्थ न हो जाए।

राधा की यह कहानी सिर्फ एक माँ के संघर्ष की नहीं, बल्कि समाज की रूढ़ियों को तोड़ने और आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा भी है। यह हमें सिखाती है कि परिस्थितियाँ चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, यदि हौसला और मेहनत हो, तो कोई भी मुश्किल रास्ता पार किया जा सकता है।

राधा अब सिर्फ एक माँ नहीं थी—वह एक मिसाल बन चुकी थी।

राधा ने अपनी मेहनत और आत्मनिर्भरता के बल पर अपने बेटे को एक नया जीवन देने की कोशिश की थी, लेकिन समाज की निगाह में एक अकेली माँ का जीवन आसान नहीं होता। उसके माता-पिता, जो कभी उससे नाराज थे, अब वापस उससे संपर्क करने लगे। वे उसे वापस घर लाने के लिए तैयार थे, लेकिन उनकी एक शर्त थी—शादी।

राधा के माता-पिता मानते थे कि बिना शादी के एक महिला का जीवन अधूरा होता है। वे चाहते थे कि उनकी बेटी एक "सम्मानजनक" जीवन जिए।

"लड़की को अकेले जीवन नहीं बिताना चाहिए। उसे सहारा चाहिए," उसकी माँ ने कहा।

राधा ने बहुत समझाने की कोशिश की कि वह अपने दम पर खुश है, लेकिन समाज और परिवार के दबाव के आगे उसे झुकना पड़ा। कुछ समय बाद, उसकी शादी एक युवक से करा दी गई। शादी के शुरुआती कुछ महीने अच्छे रहे। राधा को लगा कि शायद उसकी जिंदगी अब पटरी पर आ गई है। उसे उम्मीद थी कि अब वह अपने बेटे के साथ एक नया जीवन शुरू कर पाएगी, लेकिन जल्द ही उसकी यह उम्मीद टूट गई।

शुरुआत में उसका पति विनम्र और समझदार लगता था, लेकिन धीरे-धीरे उसकी असलियत सामने आने लगी। उसमें हर प्रकार की बुरी आदतें थीं—

  • शराब: वह दिन-रात शराब पीता था और नशे में धुत होकर घर आता।
  • जुआ: उसके पास जो भी पैसा होता, वह उसे जुए में उड़ा देता।
  • मारपीट: जब भी उसे गुस्सा आता, वह राधा को पीटने लगता।

राधा ने कई बार उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं बदला। अगर वह कोई सवाल पूछती, तो वह गाली-गलौज पर उतर आता।

"तू कौन होती है मुझसे सवाल करने वाली?" वह चिल्लाता।

धीरे-धीरे स्थिति और बिगड़ती गई। राधा को अहसास हुआ कि यह शादी उसके और उसके बेटे के लिए एक अभिशाप बन चुकी है। उसकी शादीशुदा ज़िंदगी अब उसके लिए यातना बन चुकी थी। उसका पति न केवल उसे पीटता, बल्कि उससे गाली - गलौज भी करता था। इसलिए उसने फैसला किया कि अब वह इस घर को छोड़कर ही चली जाएगी ताकि रोज की किच-किच से उसे छुटकारा मिल जाए 

एक रात जब उसका पति पूरी तरह नशे में घर आया और उसके साथ फिर से मार-पीट और गाली - गलौज करने लगा तो उसके सब्र का बांध टूट गया। वह घर के अन्दर गई, अपना जरूरी सामान समेटा और चुपचाप पीछे के दरवाजे से निकल गई 

राधा को समझ नहीं आ रहा था कि वह कहाँ जाए? वह अपने माता-पिता के पास जा नहीं सकती थी। वह अपने किसी परिचित के पास जाना नहीं चाहती थी कि कहीं उसकी रामायण का पता उसके माता-पिता को न लग जाएवह रातभर सड़कों पर भटकती रही। कभी किसी मंदिर के आँगन में रात बिताती, कभी किसी पार्क की बेंच पर। उसके पास खाने के भी पैसे नहीं बचे थे।

लेकिन राधा टूटने वाली नहीं थी। उसने अपनी पिछली जिंदगी से सीखा था कि परिस्थितियाँ चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, हार मानना कोई विकल्प नहीं होता। जब उसने अपने बेटे के बारे में सोंचना शुरू किया तो उसका आत्मविश्वास और मजबूत हो गया।  जिससे उसके अन्दर अपने जीवन के संघर्ष का सामना करने के लिए एक नई उर्जा का संचार हुआ।  उसने सोंचा कि अब उसे किसी भी हालत में कमजोर नहीं होना है 

उसने एक बार फिर अपने जीवन को संवारने का निर्णय लिया। वह जानती थी कि यह आसान नहीं होगा, लेकिन इस बार वह खुद के लिए नहीं, बल्कि अपने बेटे के लिए लड़ रही थी। अब उसके सामने सिर्फ एक ही लक्ष्य था—अपने बेटे को एक बेहतर भविष्य देना, चाहे इसके लिए उसे कितनी भी चुनौतियों का सामना क्यों न करना पड़े।

समय बीतता गया। संघर्षों से जूझते हुए भी राधा ने कभी हार नहीं मानी। उसने खुद को फिर से खड़ा किया, अपने पैरों पर खड़ी हुई। उधर, उसका बेटा भी बड़ा हो चुका था। उसके मन में एक ही सवाल बार-बार उठता था—"मेरी माँ कौन है? उसने मुझे क्यों छोड़ दिया?"

कई बार उसने अम्मा से सवाल किया था कि उसकी माँ कौन है और वह कहाँ है ? मगर अम्मा उसके सवालों का सही जबाब नहीं दे पाती थी।  क्योंकि अम्मा को खुद नहीं उसकी माँ के बारे में कुछ पता था।  

राधा का बेटा अब समझदार और आत्मनिर्भर हो चुका था। जब उसने अपने जीवन के बारे में जानना शुरू किया, तो उसे कुछ ऐसे तथ्य पता चले जिनसे उसकी जिज्ञासा और बढ़ गई।

वह जिस परिवार में पल-बढ़ रहा था, वहाँ उसे कभी अपनी असली माँ के बारे में ज्यादा नहीं बताया गया था। लेकिन एक दिन उसे एक पुराना पत्र मिला, जिसमें उसकी माँ राधा का नाम लिखा हुआ था। एक दिन उसने अम्मा से अपनी माँ की  कोई तस्वीर माँगी।  पहले तो अम्मा ने उसे मना कर दिया कि उसके पास उसके माँ की कोई तस्वीर नहीं है।  परन्तु एक दिन अम्मा ने उसे एक तस्वीर दे दी।  वह तस्वीर लेकर उसने निश्चय किया कि अब वह अपनी माँ को हर हालत में खोज निकालेगा।  

"क्या मेरी माँ अब भी मुझे याद करती होगी?"
"क्या मैं उसे फिर से देख पाऊँगा?"

इन सवालों ने उसे बेचैन कर दिया। उसने फैसला किया कि वह अपनी माँ को ढूंढेगा, चाहे इसके लिए उसे कितनी भी कठिनाइयों का सामना क्यों न करना पड़े।

सबसे पहले, बेटे ने अपनी माँ के पुराने ससुराल जाने का फैसला किया। उसे उम्मीद थी कि वहाँ से उसे कोई सुराग मिल जाएगा। जब वह वहाँ पहुँचा, तो उसकी उम्मीदें धूमिल हो गईं। वहाँ के लोगों ने बताया कि राधा को उसके पति ने घर से निकाल दिया था और उसके बाद वह कभी वापस नहीं आई। किसी को नहीं पता था कि वह अब कहाँ है।

"तो क्या मेरी माँ अब इस दुनिया में नहीं है?" उसने मन ही मन सोचा।

लेकिन उसने हार नहीं मानी। उसने अपनी खोज जारी रखने का निश्चय किया।

बेटा कई जगहों पर गया, लोगों से पूछा, पुराने दस्तावेज़ खंगाले। अंततः उसे एक महिला से जानकारी मिली, जो उसकी माँ को जानती थी।

"हाँ, मैंने उसे कुछ साल पहले देखा था। वह बहुत संघर्ष कर रही थी, लेकिन कभी हार नहीं मानी।"

इस जानकारी से उसे थोड़ा सुकून मिला। अब वह जान चुका था कि उसकी माँ जीवित है और कहीं न कहीं उससे मिलने की राह देख रही है। आख़िरकार, उसकी तलाश पूरी हुई। एक दिन, वह एक छोटे से शहर में पहुँचा, जहाँ उसे पता चला कि उसकी माँ वहीं रहती है।

जब उसने दरवाज़े पर दस्तक दी, तो एक साधारण लेकिन तेजस्वी चेहरे वाली महिला बाहर आई। वह राधा थी।

उसने जेब से अपने माँ की तस्वीर निकालकर अपनी माँ के चेहरे का मिलान किया। अचानक से उसके मुंह से एक  काँपती आवाज़ निकली, "माँ!"

राधा यह आवाज़ सुनते ही सन्न रह गई। उसने जब सामने देखा, तो उसकी आँखों से आँसू बहने लगे। "बेटा!"

दोनों एक-दूसरे से लिपट गए। बरसों की दूरी, सारी तकलीफें, सारे ग़म—सब एक पल में बह गए। राधा ने अपने बेटे को सीने से लगाते हुए कहा, "मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि यह दिन आएगा।"

बेटे ने उसकी आँखों में देखा और कहा, "माँ, अब मैं तुम्हें कभी छोड़कर नहीं जाऊँगा!"

उस दिन माँ-बेटे के जीवन में एक नया अध्याय शुरू हुआ। उन्होंने निश्चय किया कि अब कोई समाज, कोई परिस्थिति, कोई दर्द उन्हें अलग नहीं कर सकता है। माँ-बेटे का पुनर्मिलन एक नए जीवन की शुरुआत थी। सालों की तकलीफों, संघर्षों और दर्द के बाद अब उनके सामने एक नया रास्ता था—एक ऐसा रास्ता, जहाँ वे एक-दूसरे के साथ थे, बिना किसी डर और बिना किसी पछतावे के।

राधा ने अपने बेटे को देखते ही ठान लिया था कि अब वह उसे कभी खुद से दूर नहीं होने देगी। बेटे ने भी अपनी माँ की तकलीफों को समझ लिया था और उसने मन ही मन कसम खाई कि अब वह अपनी माँ को कभी किसी मुसीबत में नहीं पड़ने देगा।

कहानी का संदेश

राधा और अर्जुन की कहानी केवल प्रेम की नहीं, बल्कि समाज की बदलती सोच और स्वतंत्रता की ओर बढ़ते कदमों की भी है। यह कहानी उन लोगों को प्रेरित करती है, जो अपने जीवन के फैसले खुद लेना चाहते हैं और समाज की पारंपरिक धारणाओं को चुनौती देकर अपने लिए एक नई राह बनाना चाहते हैं। 

राधा की यह कहानी सिर्फ एक प्रेम कहानी नहीं, बल्कि विश्वासघात और अकेलेपन से जूझने की कहानी भी थी। यह उन लोगों के लिए एक सीख है जो प्यार में सब कुछ न्यौछावर कर देते हैं, बिना यह सोचे कि सामने वाला भी उतना ही ईमानदार है या नहीं। 

राधा ने अपनी तकलीफों से सीखा कि जीवन में सबसे जरूरी है खुद से प्यार करना, खुद पर विश्वास रखना और आगे बढ़ना। उसने अपने टूटे दिल को समेटा और खुद को एक नई दिशा दी। अब वह न अर्जुन के लौटने का इंतजार कर रही थी, न ही उसकी यादों में खोई हुई थी। उसने अकेलेपन को अपनी ताकत बनाया और आगे बढ़ गई – एक नए, मजबूत और आत्मनिर्भर जीवन की ओर। 
                

राधा की कहानी सिर्फ एक महिला के संघर्ष की कहानी नहीं थी। यह हर उस माँ की कहानी थी, जो अपने बच्चे के लिए किसी भी कठिनाई का सामना करने को तैयार रहती है। यह हर उस बेटे की कहानी थी, जो अपनी माँ के लिए हर मुश्किल से लड़ने को तैयार होता है। "हालात कितने भी कठिन क्यों न हो, माँ का प्यार कभी नहीं मरता। एक माँ अपने बच्चे के लिए किसी भी दर्द को सह सकती है, और एक सच्चा बेटा कभी अपनी माँ को अकेला नहीं छोड़ता।" इस तरह, तमाम उतार-चढ़ाव के बाद, राधा और उसके बेटे ने एक नया सफर शुरू किया—जहाँ न कोई डर था, न कोई पछतावा, बस प्यार और सुकून था।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.